पूर्व क्षेत्र चिकित्सा सम्मेलन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ

डेस्क: दक्षिण बंग स्थित कोलकाता के रवीन्द्र ओकाकुरा भवन में आरोग्य भारती द्वारा आयोजित पूर्व क्षेत्र चिकित्सा सम्मेलन अत्यंत सफलतापूर्वक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
इस सम्मेलन में विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के कुल 140 चिकित्सकों ने सहभागिता की, जिनमें एलोपैथी के 8, होम्योपैथी के 6, यूनानी के 15, योग के 10 तथा आयुर्वेद के 101 चिकित्सक सम्मिलित थे। इसके अतिरिक्त 80 चिकित्सा विद्यार्थी, 13 आयुर्वेद फार्मासिस्ट एवं 40 कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस प्रकार कुल 273 प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के मंच पर आरोग्य भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश पंडित उपस्थित रहे। उन्होंने “एक देश, एक चिकित्सा व्यवस्था – वर्तमान समय की मांग” विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ. मुरली कृष्णा जी ने “स्वस्थ जीवन शैली से स्वस्थ भारत निर्माण – आरोग्य भारती का मिशन” विषय पर प्रेरणादायी उद्बोधन दिया।
पूर्व क्षेत्र प्रचारक श्री रमापद पाल जी ने “स्वास्थ्य सेवा से राष्ट्र सेवा” विषय पर अत्यंत प्रभावशाली एवं प्रेरक विचार रखे। कार्यक्रम में सिंगुर विधानसभा के विधायक डॉ. अरूप कुमार दास, वंदे मातरम् पत्रिका के संपादक श्री शंकु देव पांडा, NMO के क्षेत्रीय संयोजक डॉ. प्रभात सिंह तथा S-VYASA Kolkata के निदेशक डॉ. अभिजीत घोष ने भी अपने-अपने विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया।
“पूर्व क्षेत्र में आरोग्य भारती का कार्य” विषय पर प्रारंभिक उद्बोधन पूर्व क्षेत्र सह-संगठन सचिव श्री राजेश कर्मकार ने दिया। कार्यक्रम के अंत में पूर्व क्षेत्र अध्यक्ष डॉ. गोपाल चंद्र कर ने सभी अतिथियों, प्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया। शांति मंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।
सम्मेलन में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा इसे चिकित्सा क्षेत्र में समन्वय और राष्ट्रीय स्वास्थ्य दृष्टि को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
साथ ही इस विशाल आयोजन को सफल बनाने में हावड़ा महानगर अध्यक्ष डॉ. शैलेन्द्र कुमार सिंह एवं उनकी संपूर्ण टीम के आयुर्वेदिक चिकित्सकों तथा विद्यार्थियों का विशेष योगदान रहा। उनके अथक प्रयास, समर्पण एवं कुशल व्यवस्थापन के कारण कार्यक्रम अत्यंत सुव्यवस्थित एवं सफल रहा। इस अवसर पर मुख्य रूप से डॉ. रुपेश राज, डॉ. हितांग्शु सरकार, डॉ. शुभंकर गौर, डॉ. आर्यन मिश्रा तथा डॉ. आकाश पांडेय सहित अनेक चिकित्सक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



